अवैध ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबे दो मासूम:सरगुजा में छुट्टी पर घर आए थे, नहाते समय हादसा, कपड़ों से हुई पहचान…

सरगुजा छत्तीसगढ़ // जिले के ग्राम कोरजा में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। गांव के दो बच्चे नहाने के दौरान अवैध ईंट भट्ठे के पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरजा निवासी लोचन सिंह का बेटा रवि शंकर (10) और संतोष सिंह का बेटा अनुराग सिंह (10) मंगलवार दोपहर 3 घर से खेलने निकले थे। दोनों अपने एक साथी के साथ खेलते-खेलते गांव के पास बने अवैध ईंट भट्ठे तक पहुंचे। पानी भरे गड्ढे में नहाने के दौरान दोनों गहरे हिस्से में चले गए और डूब गए।

कपड़ों से हुई पहचान
घटना के समय उनके साथ गया बच्चा घबराकर भाग निकला। कुछ देर बाद डूबे बच्चों में से एक के दादा मौके पर पहुंचे। वहां पड़े कपड़े देखकर उन्होंने पहचान की और तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी। सरपंच ने पुलिस को खबर दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए।
छुट्टी में आए थे घर
दोनों मासूम जमगला के हॉस्टल में रहकर चौथी कक्षा में पढ़ते थे। रविवार को छुट्टी होने पर परिजन उन्हें घर लाए थे। हादसे से तीज का त्योहार मातम में बदल गया और गांव में शोक की लहर है।
कल होगा पोस्टमॉर्टम
इस मामले में लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि, नहाने के दौरान डूबने से दोनों की मौत हुई है। देर शाम शवों को अस्पताल लाया गया, जिन्हें मॉर्च्युरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम आज बुधवार को होगा।



