कोरबा पुलिस ने पकड़ा एक करोड़ का अवैध गांजा: 1 तस्कर गिरफ्तार, कंटेनर जप्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज…

कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोरबा की कटघोरा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देकर बड़ी मात्रा में अवैध गांजा जप्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए एक कंटेनर को जप्त किया है।

कोरबा छत्तीसगढ़ – कोरबा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। यह नशे की खेप उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने कटघोरा थाना क्षेत्र में एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा मिला। जब्त किए गए गांजे की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई- कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उन्हें गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इस आधार पर कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। जब संदिग्ध कंटेनर को रोका गया और तलाशी ली गई, तो उसमें 500 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ।
ट्रक चालक गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज- पुलिस ने ट्रक चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। देर रात तक गांजे का वजन कर कागजी कार्रवाई पूरी की गई।
जल्द होगा तस्करी नेटवर्क का खुलासा- पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किए जाने की संभावना है। यह कार्रवाई गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है।



