झूठी निकली सवा करोड़ के चांदी की लूट की कहानी, क्रिकेट सट्टा में हार के बाद लेनदारों से बचने रची कहानी…

रायपुर // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सनसनी फैलाने वाले 86 किलो चांदी की लूट के मामले में पूरी कहानी सामने आ गई है। यह मामला अब पूरी तरह से पलट गया है। इस लूट की झूठी कहानी खुद सराफा कारोबारी ने रची थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कारोबारी राहुल गोयल ने क्रिकेट सट्टे में बड़ी रकम हारने के बाद लेनदारों से बचने के लिए खुद ही लूट की कहानी गढ़ी थी।
इस तरह बताई लूट की झूठी कहानी
मूल रूप से अलीगढ़ (यूपी) के रहने वाला राहुल गोयल रायपुर में शिवा ट्रेडर्स नामक कंपनी चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि वह आगरा की एक कंपनी के सीएफए के रूप में चांदी के जेवर लेकर रायपुर आता है, और कारोबारियों को बेचता है। इसके एवज में उसे प्रति किलो 500 रुपए कमीशन मिलता है।
उसने बताया कि दिवाली के लिए 200 किलो चांदी रायपुर लाया था, उसमें से 100 किलो चांदी वापस आगरा भिजवा दिया। वहीं 14 किलो चांदी की बिक्री हो चुकी थी, जबकि 86 किलो चांदी का ऑर्डर बाकी था। शुक्रवार रात 11 बजे वह भोजन कर सो गया। रात करीब 3 बजे दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर नींद खुली बाहर आया तो किसी ने उसका नाम पुकारा और दरवाजा खोलने को कहा।
राहुल ने बताया कि उसके पड़ोस में दो कारोबारी आगरा के ही हैं। उसने सोचा कि वे होंगे और दरवाजा खोल दिया। बाहर दो नकाबपोश थे उनमें से एक भीतर आया और सीधे कट्टा तान दिया। मैंने विरोध किया तो दूसरे ने चाकू से हमला किया और मुंह को रूमाल से दबा दिया। उसके बाद मैं बेहोश हो गया।
आरोपी ने बताया कि सुबह 10 बजे आंख खुली तो मेरे हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। किसी तरह खुद को छुड़ाकर बाहर आया। मेरे घर से 1 करोड़ 29 लाख रुपए के 86 किलो चांद के जेवर लूटेरे लूटकर ले जा चुके थे। इस बारे में पड़ोसी को घटना बताई। लुटेरे बालकनी से रस्सी के सहारे उतरकर भाग गए। डीवीआर भी साथ ले गए।
सट्टे में हो चुका था बर्बाद
दरअसल, आरोपी राहुल जुए सट्टे में तगड़ी रकम गंवा चुका था। सट्टे में रकम गंवाने के बाद राहुल को लगा कि झूठी कहानी बनाकर वह कंपनी को पैसे देने से बच जाएगा और उसे जुए में हुए नुकसान की भरपाई भी हो जाएगी, लेकिन उसका ये दांव उल्टा पड़ गया। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच में पाया कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं।
पुलिस ने तमाम सबूतों और पूछताछ के आधार पर आखिरकार कारोबारी ने सच उगल दिया। पूछताछ के दौरान उसने कबूल किया कि लूट की कोई घटना नहीं हुई थी बल्कि उसने चांदी खुद ही छिपाई थी ताकि कर्ज से बचा जा सके। पुलिस ने कारोबारी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ ठोस साक्ष्यों के आधार पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी।



