पुलिस के नाक के नीचे लाखों का जुआ! कोरबा में खुलेआम सज रहा फड़, कार्रवाई पर सवाल…

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बाकी मोगरा थाना क्षेत्र में इन दिनों जुए का बड़ा खेल बेखौफ तरीके से चल रहा है। यहां रोजाना लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब पुलिस की जानकारी के बावजूद खुलेआम हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बाकी मोगरा और कुसमुंडा क्षेत्रों के ही कुछ युवक बाकी मोगरा थाना में पदस्थ एक सिपाही की मदद से इस जुए के फड़ का संचालन कर रहे हैं। जिन पर जुआ खिलाने का आरोप लगाया जा रहा है। ये लोग जंगल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर फड़ सजाकर बड़े स्तर पर जुआ संचालित कर रहे हैं।
दिन-रात सज रहा जुए का अड्डा
बाकी मोगरा के जंगलों में दिन हो या रात, कभी भी जुए का फड़ सज जाता है। ताश के पत्तों पर हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के दांव लगाए जा रहे हैं। नई पीढ़ी के युवा तेजी से इस लत में फंसते जा रहे हैं, जिससे सैकड़ों परिवार आर्थिक बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं।
तेज तर्रार मुखबिरों का नेटवर्क
स्थानीय लोगों का कहना है कि जुआरियों ने अपना मजबूत मुखबिर तंत्र बना रखा है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जाती है। जैसे ही कोई संदिग्ध गतिविधि दिखती है, तुरंत जुआ संचालकों को सूचना दे दी जाती है, जिससे पुलिस के लिए छापेमारी करना चुनौती बन जाता है।
ब्याज का काला खेल भी जारी
जुए के इस खेल के साथ-साथ सूदखोरी का धंधा भी जोर पकड़ रहा है। फड़ पर ही साहूकार भारी रकम लेकर पहुंचते हैं और हारने वाले जुआरियों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देते हैं। इसके चलते कई परिवार कर्ज के जाल में फंसकर टूट चुके हैं, जबकि साहूकार मोटी कमाई कर रहे हैं।
पुलिस की निष्क्रियता पर उठ रहे सवाल
लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। और अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो क्षेत्र के लिए असुरक्षा का कारण बन सकता है।
चमनलाल सिंहा,टी.आई.थाना बाकी मोगरा
हमें जुए के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं है। अगर हमारे थाना क्षेत्र में जुआ चल रहा होगा तो निश्चित ही हमारे द्वारा कार्रवाई किया जाएगा।



