कॉम्बिंग गश्त में 20 वारंटी दबोचे, 32 संदिग्धों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्यवाही,अपराधियों में हड़कंप…

01 बदमाश के विरुद्ध आर्म्स एक्ट और 02 के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत भी हुई कार्यवाही.

रात भर में 70 हिस्ट्रीशीटरों और लगभग 85 पुराने चोरों और चाकूबाजों के घर पर दबिश देकर की गई चेकिंग.

रायपुर // आज दिनांक 22-23/04/2026 की दरम्यानी रात्रि में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य ज़ोन में अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। यह अभियान आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता (डीसीपी सेंट्रल ज़ोन) के नेतृत्व में तथा तारकेश्वर पटेल (एडिशनल डीसीपी सेंट्रल जोन) एसीपी दीपक मिश्रा एसीपी रमाकांत और मध्य जोन के थाना प्रभातियों द्वारा संचालित किया गया । अभियान की पूर्व तैयारी रात में पुलिस लाइन में लगभग 150 पुलिस बल के साथ की गई, जिसमें लगभग 10 टीमों का गठन किया गया। क्षेत्र में निगरानी सुदृढ़ करने हेतु ड्रोन कैमरों का उपयोग किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर उन्हें सील करते हुए सघन कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन, वारंटियों और फरार आरोपियों के घरों में डोर-टू-डोर हाउस सर्च एवं संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। संभावित मार्गों पर नाके लगाकर सघन चेकिंग भी की गई।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान मध्य ज़ोन में कुल 11 स्थायी वारंट एवं 09 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के तहत 02 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें एक कार्रवाई देवार डेरा क्षेत्र में तथा दूसरी थाना गोलबाजार क्षेत्र के बंजारी बाबा मस्जिद के पास की गई। इसके अतिरिक्त आर्म्स एक्ट के तहत 01 प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी एवं उपद्रव करने वाले 32 संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। रात्रि अभियान के दौरान लगभग 70 हिस्ट्री सीटर गुंडा बदमाशों एवं 85 पुराने चोरों चाकूबाजों के घर पर भी दबिश देकर उनकी सरप्राइज़ चेकिंग भी की गई।
इस समन्वित एवं त्वरित मिडनाइट ऑपरेशन के दौरान कुल 55 से अधिक अपराधियों के विरुद्ध गिरफ्तारी/कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की गई, जिससे अपराधियों में स्पष्ट रूप से भय का वातावरण निर्मित हुआ तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हुई एवं पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा इस प्रकार के सघन कॉम्बिंग गश्त एवं विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रखे जाएंगे, ताकि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।



