
ऊंची लपटों और काले धुएं से दहला पूरा इलाका, कई दमकलें आग बुझाने में जुटीं • ट्रक भी आग की चपेट में • सभी मजदूर सुरक्षित, कारणों की जांच शुरू
कोरबा छत्तीसगढ़ // जिले के इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में तेज धमाके के साथ भीषण आग भड़क उठी। विस्फोट इतना जोरदार था कि कुछ ही पलों में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का विशाल गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना के वक्त फैक्ट्री के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गया, जिससे आग और तेजी से फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई दमकल वाहन लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग की भयावहता को देखते हुए बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और फिलहाल प्राथमिकता आग पर जल्द नियंत्रण पाना है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। बैरिकेडिंग कर आम लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है, जबकि पुलिस लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की लगातार अपील कर रही है।
घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग आग देखने के लिए फैक्ट्री के आसपास पहुंच गए, जिससे मौके पर भारी भीड़ लग गई। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और दमकल व राहत दलों को निर्बाध रूप से काम करने के लिए पूरा रास्ता खाली कराया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद तकनीकी जांच शुरू की जाएगी, जिसके बाद ही विस्फोट और आग की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।



