LETEST
Blog

ESIC अस्पताल के डॉक्टर ने की आत्महत्या…

प्रेम संबंध टूटने के बाद तनाव में था 30 वर्षीय डॉक्टर, स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में फांसी पर लटका मिला शव; हाथ पर ब्लेड के निशान, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा छत्तीसगढ़ // कोरबा के ESIC अस्पताल में पदस्थ 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर का शव उनके स्टाफ क्वार्टर के बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के फंदे पर लटका मिला। उनके हाथ पर ब्लेड से कटने के निशान भी पाए गए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

सुबह OPD नहीं पहुंचे तो स्टाफ ने खिड़की तोड़कर निकाला शव

बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन वे रोज की तरह सुबह OPD में नहीं पहुंचे। काफी देर तक उनके नहीं आने पर अस्पताल के स्टाफ ने उनके स्टाफ क्वार्टर पहुंचकर स्थिति देखने की कोशिश की। अंदर से दरवाजा बंद होने पर खिड़की तोड़ी गई, जहां डॉक्टर का शव बाथरूम में फंदे पर लटका मिला।

केरल के पालक्काड के रहने वाले थे डॉक्टर

डॉ. एल्विन वे मूल रूप से केरल के पालक्काड के रहने वाले थे। उन्होंने कोयंबटूर से MBBS की पढ़ाई पूरी की थी और करीब एक वर्ष पहले उनकी पदस्थापना कोरबा ESIC अस्पताल में हुई थी।

दो साल से था प्रेम संबंध, शादी के लिए दिया था आवेदन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक डॉक्टर का कोयंबटूर की एक युवती से करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी करने का फैसला भी लिया था। बताया जा रहा है कि 12 अगस्त को चर्च में शादी के लिए आवेदन दिया गया था। हालांकि बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया। इसके बाद से डॉक्टर तनाव में बताए जा रहे थे।

तीन दिन पहले माता-पिता को बुलाया था कोरबा

बताया जा रहा है कि डॉक्टर ने घटना से करीब तीन दिन पहले अपने माता-पिता को कोरबा बुलाया था। माता-पिता कोरबा पहुंचे, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। घटना की सूचना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है और घटना की जांच जारी है। पुलिस डॉक्टर की मौत के पीछे की परिस्थितियों और प्रेम संबंध से जुड़े घटनाक्रम समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल डॉक्टर की मौत को प्रथम दृष्टया आत्महत्या माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page