
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे मुख्य अतिथि, लोकगायक सुनील सोनी की प्रस्तुति बनेगी कार्यक्रम का खास आकर्षण.
कोरबा छत्तीसगढ़ // औद्योगिक नगरी कोरबा में भगवान विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर आदर्श सर्व राजी पेटी ठेकेदार समिति द्वारा भक्ति, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। पूजा महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता देखने को मिल रही है।
विशाल भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर समिति द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल के बीच समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य जांच और रक्तदान से दिया जनसेवा का संदेश
समिति की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया गया। समिति के इस प्रयास को सामाजिक सरोकार से जोड़कर देखा जा रहा है।
18 सितंबर को होगा भव्य सांस्कृतिक आयोजन
विश्वकर्मा पूजा महोत्सव का अगला आकर्षण 18 सितंबर को आयोजित होने वाली भव्य सांस्कृतिक संध्या होगी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
वहीं कार्यक्रम की शाम को अपनी आवाज और लोकसंगीत से खास बनाने के लिए छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोकगायक सुनील सोनी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। सुनील सोनी की प्रस्तुति को लेकर आयोजन समिति और नगरवासियों में खासा उत्साह है।
समिति ने नगरवासियों से की अधिक से अधिक पहुंचने की अपील
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष शत्रुघ्न राठौर, पूर्व उपाध्यक्ष रामगोपाल चंद्र, कोषाध्यक्ष मुकुंद यादव एवं सचिव संपत दास ने जिले के सभी ठेकेदार साथियों, समिति के सदस्यों एवं नगरवासियों से 18 सितंबर को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा पूजा केवल आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता, सेवा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी है। इसी उद्देश्य के साथ पूजा महोत्सव के तहत धार्मिक आयोजन के साथ जनसेवा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी शामिल किया गया है।



