LETEST
Blog

चांपा में तलवार लेकर निकला युवक! थाना चौक के पास मचा हड़कंप, पुलिस ने दबोचा; आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार…

रानी रोड पर तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर घूमने और लोगों को डराने-धमकाने का आरोप, हथियार जब्त; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़। सार्वजनिक स्थान पर तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर घूमने और आने-जाने वाले लोगों को कथित तौर पर डराने-धमकाने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक 46 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार हथियार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

🔴 मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश, मौके से पकड़ा गया आरोपी

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चांपा के रानी रोड स्थित थाना चौक के पास एक व्यक्ति तलवारनुमा धारदार हथियार लेकर घूम रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

हथियार रखने के दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कमलेश कुमार देवांगन (46 वर्ष), निवासी रानी रोड, चांपा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, हथियार रखने के संबंध में वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तलवारनुमा लोहे के धारदार हथियार को विधिवत जब्त कर लिया।

आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी कमलेश कुमार देवांगन के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

👮 चांपा पुलिस की कार्रवाई में इनका रहा योगदान

इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, उपनिरीक्षक भवानी सिंह चौहान तथा थाना चांपा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page