
UPI फ्रॉड, बैंकिंग ठगी और फर्जी लिंक से बचाव की दी जानकारी, कोरबा पुलिस ने कहा—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें

कोरबा छत्तीसगढ़ // जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 3500 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले के निर्देशन में थाना कोतवाली, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, कटघोरा और पसान पुलिस द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

विद्यालयों में पहुंची पुलिस टीम, विद्यार्थियों को बताए साइबर ठगी से बचने के तरीके
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के निर्मला हायर सेकंडरी स्कूल एवं ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल, बांकीमोंगरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल एवं आत्मानंद पब्लिक स्कूल, कटघोरा के DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जेंजरा, करतला के DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बडमार, CSEB के गायत्री मंदिर स्कूल कोरबा, कोतवाली क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोरबा तथा हाई स्कूल माखनपुर, पाली सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीम ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को UPI फ्रॉड, बैंक फ्रॉड, साइबर अपराध, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।

OTP और UPI PIN किसी से साझा न करें
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को समझाइश दी कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने, फर्जी कॉल का जवाब देने और संदिग्ध वेबसाइट पर व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी दर्ज करने से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर तत्काल भरोसा नहीं करना चाहिए।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की जानकारी जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी की रकम को रोकने की संभावना उतनी ही अधिक हो सकती है।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्क रहें और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं। साइबर अपराध से बचाव के लिए स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
सजग रहें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
कोरबा पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान को जनभागीदारी से मजबूत बनाने की अपील करते हुए नागरिकों से अपनी सेल्फी कोरबा पुलिस कंट्रोल रूम के व्हाट्सऐप नंबर 9479193399 पर साझा करने की अपील भी की है।
#CyberSecurity #CyberAwareness #KorbaCity #KorbaChhattisgarh #AwarenessMatters


