crime news: पारिवारिक विवाद में फायरिंग, जीजा ने दो सालियों को मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार…

रायपुर के मोवा इलाके में घरेलू विवाद के चलते बाउंसर जीजा ने लाइसेंसी पिस्टल से दो सालियों पर फायरिंग कर दी। जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। आरोपी ने खुद सरेंडर किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

रायपुर // छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। नशे में धुत एक बाउंसर ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से ससुराल पहुंचकर दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पत्नी से विवाद बना घटना की जड़
जानकारी के अनुसार, आरोपी जीतेंद्र वर्मा उर्फ जित्तू (32) पेशे से बाउंसर है। वह लंबे समय से अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा के चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि, मंगलवार को भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर गंभीर झगड़े में बदल गई।
विवाद के बाद पत्नी खिलेश्वरी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई। इसके बाद आरोपी लगातार पत्नी से संपर्क करने की कोशिश करता रहा, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इससे वह और ज्यादा गुस्से में आ गया।
नशे में ससुराल पहुंचा, बच्चे से मिलने की जिद
रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच आरोपी नशे की हालत में मोवा बाजार के पास स्थित अपने ससुराल पहुंच गया। वहां पहुंचते ही उसने बच्चे से मिलने की जिद शुरू कर दी। घर के बाहर शोर-शराबा सुनकर उसकी दोनों सालियां गीतांजलि वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24 बाहर आईं। दोनों ने आरोपी को समझाने की कोशिश की और शांत रहने के लिए कहा। उन्होंने उसे वापस जाने के लिए भी कहा, ताकि विवाद और न बढ़े। लेकिन आरोपी पहले से ही गुस्से और नशे में था, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
समझाने पर भड़का, ताबड़तोड़ फायरिंग की
सालियों की बात सुनकर आरोपी भड़क गया और अचानक उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। बिना कुछ सोचे-समझे उसने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पहली गोली गीतांजलि वर्मा के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ी। वह तड़पती रही और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। दूसरी गोली दुर्गेश्वरी वर्मा की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर गई।
अस्पताल में इलाज जारी, हालत नाजुक
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत दोनों घायल युवतियों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गीतांजलि को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी का इलाज जारी है। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। परिवार के लोग भी अस्पताल में मौजूद हैं और उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं।
घटना के बाद सड़क पर भी की फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी घर से बाहर निकला और मुख्य सड़क पर भी हवाई फायरिंग की। यह घटना मोवा के उषा प्राइड कॉम्प्लेक्स और जय दुर्गा मेडिकल के आसपास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। लोग डर के मारे अपने घरों में छिप गए। कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोपी ने किया सरेंडर
इस पूरे घटनाक्रम के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं, बल्कि खुद ही थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।



