
जांजगीर-चांपा // छत्तीसगढ़ // अकलतरा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर एक युवक को निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप है। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महिला आरोपी उसके निजी और आपत्तिजनक फोटो सार्वजनिक करने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रही थी। ब्लैकमेलिंग से मानसिक रूप से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। वह पिछले सात दिनों से बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जांच में पता चला कि युवक और महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे। करीब 12 से 15 दिन पहले महिला ने युवक के निजी फोटो उसके और उसके परिवार के मोबाइल नंबरों पर भेजकर दबाव बनाना शुरू किया था। पैसे नहीं देने पर फोटो सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 308(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया। व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उपनिरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे की विशेष भूमिका रही।



