
स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने पहुंची थीं बच्चियां, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; घंटों की मशक्कत के बाद बरामद हुए तीनों शव

कोरबा/पाली। कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां अलगू तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना एक ही बस्ती की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने पहुंची थीं। इसी दौरान वे तालाब के गहरे हिस्से में चली गईं और पानी में डूब गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चियों की तलाश के लिए घंटों मशक्कत की गई, जिसके बाद तीनों के शव तालाब से बरामद किए गए।
एक साथ तीन मासूम बच्चियों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे नुनेरा में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के घरों में चीख-पुकार मच गई। हादसे ने गांव के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।



