
गेवरा-कुसमुंडा खदानों में डीजल चोरी का खेल बेनकाब, दो स्कॉर्पियो समेत तीन आरोपी दबोचे गए.

कोरबा छत्तीसगढ़ // जिले की खदानों से करोड़ों रुपये के डीजल की चोरी करने वाले संगठित गिरोह पर कोरबा पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए उसके मास्टरमाइंड नवीन कश्यप समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार नवीन कश्यप पिछले डेढ़ वर्ष से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
कोरबा पुलिस की लगातार कार्रवाई से डीजल चोर गिरोह की कमर टूटती नजर आ रही है। इस पूरे मामले में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस गिरोह के कब्जे से 2500 लीटर चोरी का डीजल बरामद कर चुकी है, जबकि ताजा कार्रवाई में चोरी के नेटवर्क में इस्तेमाल की जा रही दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन
1 जून 2026 की रात दीपका पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गेवरा खदान से डीजल चोरी के पूरे नेटवर्क का संचालन करने वाला मास्टरमाइंड नवीन कश्यप जांजगीर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और नवीन कश्यप सहित उसके दो साथियों को धर दबोचा।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
– नवीन कश्यप (34 वर्ष) – निवासी बलगी शांतिनगर, बाँकी मोंगरा, कोरबा
– परमेश्वर सारथी (28 वर्ष) – निवासी बलगी शांतिनगर, बाँकी मोंगरा, कोरबा
– सब्बीर मेमन (35 वर्ष) – निवासी गेवरा बस्ती, गांधी चौक, कुसमुंडा, कोरबा
जब्त किए गए वाहन
– स्कॉर्पियो CG 28 P 6555
– स्कॉर्पियो CG 12 BU 6064

कई गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
अब भी कई चेहरे पुलिस के रडार पर
पुलिस का कहना है कि डीजल चोरी के इस संगठित नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खदानों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कोरबा पुलिस का संदेश साफ — डीजल माफिया चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकता।



