LETEST
Blog

सट्टाके खिलाफ सक्ती पुलिस की अनोखी पहल: समझाइश के बाद पुलिस के साथ फ्लैग मार्च, गूंजा ‘सट्टा छोड़ो–परिवार जोड़ो’ का संदेश…

सक्ती छत्तीसगढ़ // जिले में सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सक्ती पुलिस ने सख्ती के साथ-साथ सुधार और जागरूकता का अनूठा संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में पूर्व में सट्टा खेलने और खिलाने के मामलों में संलिप्त रहे लोगों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई। इसके बाद इन्हीं लोगों ने पुलिस के साथ फ्लैग मार्च निकालकर आम नागरिकों को सट्टे से दूर रहने का संदेश दिया।

समझाइश के साथ सुधार का संकल्प

पुलिस अधीक्षक ने पूर्व में सट्टा संबंधी मामलों में संलिप्त व्यक्तियों को स्पष्ट शब्दों में समझाया कि सट्टा न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे व्यक्ति आर्थिक संकट में फंसने के साथ परिवार और समाज पर भी विपरीत प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सभी को भविष्य में सट्टा खेलने, खिलाने अथवा किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल नहीं होने के निर्देश दिए।

पुलिस की समझाइश के बाद संबंधित व्यक्तियों ने भी भविष्य में स्वयं में सुधार करने और अपराध से दूर रहने की प्रतिबद्धता जताई।

पुलिस के साथ निकाला फ्लैग मार्च

समझाइश के बाद संबंधित व्यक्तियों ने पुलिस के साथ सक्ती शहर में फ्लैग मार्च निकाला। हाथों में सट्टा विरोधी स्लोगन लिखी पट्टियां, बैनर और पोस्टर लेकर उन्होंने शहरवासियों को सट्टे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

फ्लैग मार्च के दौरान “सट्टा छोड़ो–परिवार जोड़ो”, “सट्टे से दूरी–परिवार में खुशहाली”, “सट्टा मुक्त सक्ती–सुरक्षित सक्ती” और “सट्टा अपराध है–इससे दूर रहें” जैसे संदेशों के जरिए लोगों से सट्टे से दूर रहने की अपील की गई।

अपराध दोहराया तो होगी कड़ी कार्रवाई

सक्ती पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समझाइश के बावजूद यदि कोई व्यक्ति दोबारा सट्टा खेलते, खिलाते या किसी अवैध गतिविधि को बढ़ावा देते पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी चेतावनी दी कि लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले और समाज में भय अथवा अशांति का वातावरण पैदा करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध उनके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर गुंडा बदमाश एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर जैसी वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।

कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर

सक्ती पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और अपराध में संलिप्त लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। पुलिस की समझाइश के बाद उन्हीं लोगों को सट्टा विरोधी जागरूकता अभियान का हिस्सा बनाना इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

आम नागरिकों से पुलिस की अपील

सक्ती पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सट्टा खेलने या खिलाने वालों का सहयोग न करें। आसपास किसी भी प्रकार की सट्टा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने साफ किया है कि जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

सक्ती पुलिस का संदेश

“सट्टे से दूरी बनाएँ — परिवार एवं समाज में खुशहाली लाएँ।”

“अपराध से तौबा करें — समाज की मुख्यधारा से जुड़ें।”

“सट्टा मुक्त सक्ती — सुरक्षित एवं जागरूक सक्ती।”

फ्लैग मार्च के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी सक्ती निरीक्षक लखनलाल पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page