
कोरबा // कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने और असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर कोरबा पुलिस ने विशेष मुसाफिर चेकिंग अभियान चलाया।

प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की टीमों ने जिले में किराए के मकानों, लॉज, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर ठहरे बाहरी लोगों के आधार, मतदाता पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की। निवास, कार्यस्थल और आने के उद्देश्य की भी जानकारी ली गई।

संदिग्ध व्यक्तियों की एसएस रोल तैयार कर मूल थानों से आपराधिक रिकॉर्ड और चरित्र सत्यापन मंगाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधि वालों को चेतावनी देकर जिले में अनावश्यक ठहराव न करने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने कहा कि सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई कि किसी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।



