
कोरबा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व—सोनिया गांधी, राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे—द्वारा राष्ट्रीय गीत के प्रति कथित असम्मानजनक आचरण के विरोध में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) कोरबा ने रविवार को उग्र प्रदर्शन किया। मूसलाधार बारिश के बावजूद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की और टी.पी. नगर चौक से जिला कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।
टी.पी. नगर से कांग्रेस कार्यालय तक गूंजे देशभक्ति के नारे
प्रदर्शन की शुरुआत टी.पी. नगर चौक पर कार्यकर्ताओं के एकत्रीकरण से हुई। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ कांग्रेस कार्यालय की ओर प्रस्थान किया। कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने परिसर के सामने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति अपनी निष्ठा जाहिर की।
राष्ट्रीय गौरव से कोई समझौता नहीं: उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान देश की अस्मिता के प्रतीक हैं। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का रवैया देश स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, “भाजपा का यह प्रदर्शन राजनीतिक द्वेष से परे राष्ट्रसम्मान की रक्षा के संकल्प के रूप में है। कांग्रेस नेतृत्व को इस आचरण के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।”
कांग्रेस का इतिहास राष्ट्रीय प्रतीकों के अनादर से भरा: गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने निशाना साधते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के बलिदान के इस पर्व पर राष्ट्रगीत का सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस की यह प्रवृत्ति देशवासियों को कतई स्वीकार्य नहीं होगी।
प्रदर्शन में दिग्गज नेताओं व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
इस विरोध प्रदर्शन में महापौर संजूदेवी राजपूत, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रायपुर सह-संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा, जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में युवा मोर्चा व अन्य प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता शामिल रहे।


