
सलोरा-छुरी गांव में खेत की मेढ़ पर गिरी गाज, पिता-चाचा-दादा समेत तीन किसानों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा सन्नाटा, प्रशासन ने किया मुआवजे का आश्वासन

कोरबा। कटघोरा क्षेत्र के सलोरा-छुरी गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली ने ऐसा कहर बरपाया कि खेत में धान की रोपाई कर रहे तीन किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में रिश्ते में पिता, चाचा और दादा लगने वाले तीन लोग शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है।
रोपाई के बीच गिरी गाज, देखते ही देखते बिछ गईं लाशें
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 किसान और मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ ही पलों बाद खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर बहुरंन पाटले, लक्ष्मी चंद पटेल और श्याम साहू गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले थम चुकी थीं सांसें
साथ में काम कर रहे किसानों ने तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटघोरा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
कटघोरा बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि तीनों किसानों को अस्पताल लाए जाने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। मृतक के बेटे ने बताया कि खेत में कई लोग काम कर रहे थे, लेकिन अचानक बिजली गिरने से उसके पिता, चाचा और रिश्ते के दादा इसकी चपेट में आ गए। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी, मुआवजे का आश्वासन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
प्रशासन की अपील
मौसम विभाग ने क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। प्रशासन ने किसानों और ग्रामीणों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में काम नहीं करने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की है।



