LETEST
Blog

जांजगीर में चंगाई सभा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: धार्मिक भावना आहत करने के आरोप में पास्टर समेत 2 गिरफ्तार, जेल भेजे गए..

ग्राम उदयबंद गुड़ीपारा में चल रही थी सभा | प्रार्थी सतीश सोनी ने दर्ज कराई FIR | आरोपी बद्रीनाथ बरेठ व रथराम महिलांगे गिरफ्तार | SP, ASP व CSP की निगरानी में कार्रवाई | मौके से बाइबल व धार्मिक पुस्तकें जब्त |



*पूरी खबर – जांजगीर से*

जांजगीर-चांपा // सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम उदयबंद में आयोजित ‘ईसाई चंगाई सभा’ में हिंदू धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ और पास्टर रथराम महिलांगे शामिल हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, सभा में बीमारी का इलाज करने के बहाने लोगों को बुलाकर हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है।

*हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी ने की शिकायत
प्रार्थी सतीश सोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह हिंदू जागरण मंच में जिला प्रशासन संपर्क प्रमुख हैं। 11 जून की सुबह करीब 9 बजे अवनीश साहू से सूचना मिली कि गुड़ीपारा निवासी बद्रीनाथ बरेठ अपने घर में बाहर से पास्टर व अन्य लोगों को बुलाकर चंगाई सभा कर रहा है।

*FIR में ये लगाए गए आरोप
लिखित शिकायत के अनुसार, सभा में आसपास के लोगों को बीमारी का इलाज करने के बहाने बुलाया जा रहा था। आरोप है कि ‘चमत्कारी पानी’ पिलाकर बाइबल तथा अन्य धार्मिक पुस्तकें बांटकर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया।

*BNS 299 के तहत केस दर्ज
शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्र. 439/26 धारा 299, 3(5) BNS के तहत केस पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP विजय कुमार पांडेय, ASP उमेश कश्यप और CSP योगिता बाली खापर्डे को सूचना दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम ग्राम उदयबंद भेजी गई।

*मौके पर चल रही थी सभा: पुलिस
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो बद्रीनाथ के घर में चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, पास्टर रथराम महिलांगे बाइबल व धार्मिक पुस्तकें वितरित कर रहा था और हिंदू देवी-देवताओं के विरुद्ध टिप्पणी कर रहा था। मौके से मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ, 40 वर्ष और पास्टर रथराम महिलांगे, 38 वर्ष निवासी मूलमुला को पकड़ा गया।

*पुलिस का दावा: आरोपियों ने स्वीकारा अपराध
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बीमारी के इलाज के बहाने लोगों को बुलाकर ईसाई धर्म का प्रचार करने और हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने का अपराध स्वीकार किया। मौके से ईसाई धर्म से संबंधित दस्तावेज जब्त कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

*इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, SI उमेन्द्र मिश्रा, SI कमल दास बनर्जी, ASI अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा, भीम कुमार श्रीवास, शंकर राजपूत, विनोद राठौर व महिला आरक्षक रेखा यादव का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page