LETEST
Blog

दरिंदगी की हदें पार: पति ने पत्नी का गला काटकर धड़ से अलग किया सिर…


हाथ में कटा सिर लिए गांव की सड़कों पर घूमता रहा आरोपी, ग्रामीणों में फैली दहशत

राजगामार/कोरबा। कोरबा जिले के राजगामार चौकी अंतर्गत ग्राम बुंदेली में एक अत्यंत भयावह और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने चाकू से पत्नी का गला रेतकर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। हत्या के बाद आरोपी कटे हुए सिर और हथियार को हाथ में लेकर गांव की सड़कों पर घूमता रहा, जिसे देखकर ग्रामीणों में खौफ का माहौल व्याप्त हो गया।


क्या है मामला
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सालिक राम यादव का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सालिक राम ने आपा खो दिया और घर में रखे चाकू से अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी का गला रेतकर सिर को धड़ से पूरी तरह अलग कर दिया।
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पकड़ा
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी का सिरफिरापन यहीं खत्म नहीं हुआ। वह कटे हुए सिर और खून से सनी चाकू को हाथ में लेकर गांव की गलियों में घूमने लगा। इस वीभत्स दृश्य को देख ग्रामीणों की रूह कांप गई। हालांकि, ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डाली और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी की घेराबंदी कर उसे काबू में किया।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही राजगामार चौकी पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी सालिक राम यादव को हिरासत में ले लिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मृतका के शव और कटे हुए सिर को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है कि आखिर हत्या के पीछे का वास्तविक कारण क्या था और आरोपी ने इतनी बर्बरता को अंजाम क्यों दिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page