LETEST
Blog

धसकामुड़ा में जुए के 5 फड़ पर पुलिस का बड़ा धावा, 33 जुआरी गिरफ्तार… ₹90 लाख की 7 कारें और नगदी जब्त

‘ऑपरेशन अंकुश’ का असर—मेला स्थल के बाहर चल रहा था हाई-प्रोफाइल जुए का अड्डा, छाल पुलिस ने एक ही रात में जुआरियों की कमर तोड़ी।

रायगढ़। रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में मेला स्थल के बाहर लंबे समय से संचालित हो रहे जुए के फड़ों पर आखिरकार छाल पुलिस का शिकंजा कस गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत छाल पुलिस ने देर रात ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए जुए के पांच अलग-अलग फड़ों पर दबिश दी और 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में करीब 90 लाख रुपये कीमत की 7 लग्जरी और चारपहिया वाहन, ₹57,140 नगद तथा 5 गैस लाइट जब्त की गई हैं। जब्त वाहनों में एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो शामिल हैं, जिससे साफ है कि जुए के इस अड्डे पर बड़े स्तर पर दांव लगाए जा रहे थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र से यहां जुआ खेलने पहुंचे थे। मुखबिर की सूचना पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।

छाल पुलिस ने सभी 33 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page