
परिजनों ने पेंड्रा के दुर्गा चौक में शव रखकर प्रदर्शन किया. आरोपियों के पकड़े जाने तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात लोगों ने कही.

गौरेला पेंड्रा मरवाही // कोटमी साप्ताहिक बाजार में सराफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया. घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोगों ने पेंड्रा के दुर्गा चौक पहुंचकर बीच सड़क पर शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया. पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. व्यापारियों ने आज जीपीएम बंद का आह्वान किया है.
मृत व्यापारी का शव रखकर प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. देखते ही देखते बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक संगठन और नगरवासी मौके पर पहुंच गए, जिससे दुर्गा चौक में देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे. करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद परिजनों और प्रशासन के बीच सहमति बनी. प्रशासन ने बुधवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया गया.
बीच बाजार में शाम 7 बजे व्यापारी पर चलाई गोली
जीपीएम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया मंगलवार को शाम 7 बजे की घटना है. कोटमी साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था. व्यापारी अपना सामान पैक कर अपनी गाड़ी की तरफ जा रहे थे, तभी बाइक में कुछ लोग पहुंचे और उनका बैग छीनने की कोशिश की, इस दौरान झूमाझटकी हुई. अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी. घटना की सूचना मिलते ही कोटमी पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारी को पुलिस वाहन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस का दावा, आज आरोपियों की हो जाएगी गिरफ्तारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीपीएम अविनाश मिश्रा ने बताया कि जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और टेक्नीकल एवीडेंस के जरिए पता लगाया जा रहा है. आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है. चश्मदीदों के मुताबित तीन हमलावर थे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस व्यवस्था से स्थानीय लोग नाराज, आज शहर बंद
भीड़भाड़ वाले बाजार में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है. व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़ते अपराधों को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. नाराज नगरवासियों ने बुधवार को पेंड्रा बंद का आह्वान किया है. लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है.



