
ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर होंगे नए पदाधिकारी | सोशल मीडिया से जमीन तक प्रचार तेज | ‘परिवर्तन की सच्ची भक्ति’ का नारा दिया.
रायपुर/छत्तीसगढ़ // छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव 2026 को लेकर प्रदेश की सियासत में सरगर्मी बढ़ गई है। युवाओं को नेतृत्व सौंपने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के मकसद से शुरू इस चुनावी महासमर में युवा नेता अदनान मेमन ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
*‘मोर गढ़, मोर अभिमान’ के साथ शंखनाद*
अदनान मेमन ने “छत्तीसगढ़ – मोर गढ़, मोर अभिमान” और “युवा शक्ति, परिवर्तन की सच्ची भक्ति” के नारों के साथ चुनावी अभियान तेज कर दिया है। सोशल मीडिया से लेकर जमीनी स्तर तक उनके पक्ष में प्रचार शुरू हो चुका है। युवाओं के बीच मजबूत पकड़ के चलते इस बार के मुकाबले को दिलचस्प माना जा रहा है।
*18 से 35 साल के युवाओं पर फोकस*
युवा कांग्रेस इस चुनाव के जरिए ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति करेगी। 18 से 35 वर्ष के युवाओं को संगठन से सीधे जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि युवाओं की आवाज राजनीति के मुख्य मंच तक पहुंचे।
*‘स्वाभिमान की लड़ाई है’ – अदनान मेमन*
दावेदारी पर अदनान मेमन ने कहा, “यह चुनाव केवल पद का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं के स्वाभिमान और उनके अधिकारों की लड़ाई का है। हमारा लक्ष्य प्रदेश के कोने-कोने से प्रतिभावान युवाओं को आगे लाना और संगठन को ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर नई ऊर्जा देना है।”
उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनने की अपील की और संगठन से जुड़ने के लिए हेल्पलाइन नंबर *6265-217617* जारी किया है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अदनान मेमन जैसे सक्रिय चेहरों के मैदान में उतरने से युवा कांग्रेस के आगामी चुनाव काफी आक्रामक और रोचक होने वाले हैं।


