LETEST
Blog

चोरों की करतूत! हैंडल लॉक तोड़ा, मास्टर चाबी से उड़ाई बाइकें; कोरबा-रायगढ़ से 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद…

‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत मानिकपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार; दूसरा पहले से जेल में बंद

कोरबा। जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरबा और रायगढ़ जिले से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में मुड़ापार निवासी गौरव नायक (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी कौवा उर्फ फैजान पहले से ही एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही हैंडल लॉक तोड़कर और मास्टर चाबी की मदद से बाइक स्टार्ट कर फरार हो जाते थे। पूछताछ में आरोपी गौरव नायक ने अपने साथी कौवा उर्फ फैजान के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया है।

कोरबा से रायगढ़ तक चोरी का नेटवर्क

पुलिस की जांच में चोरी की गई कुल पांच मोटरसाइकिलों का खुलासा हुआ है। इनमें मानिकपुर क्षेत्र से 1, कोतवाली क्षेत्र से 2, उरगा क्षेत्र से 1 और रायगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र से 1 मोटरसाइकिल शामिल है।

मास्टर चाबी से बाइक उड़ाने का तरीका

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले ऐसी जगहों की तलाश करते थे, जहां लोग सुनसान स्थानों पर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी करते थे। इसके बाद हैंडल लॉक तोड़कर वाहन को चोरी किया जाता था। पुलिस के मुताबिक कौवा उर्फ फैजान मास्टर चाबी की मदद से मोटरसाइकिल को ऑन करता था और दोनों आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो जाते थे।

एक गिरफ्तार, दूसरा पहले से जेल में

प्रकरण में गौरव नायक को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं उसका साथी कौवा उर्फ फैजान पहले से ही एक अन्य मारपीट के मामले में जिला जेल कोरबा में निरुद्ध है। उसके खिलाफ भी इस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों से चोरी की अन्य घटनाओं, संभावित अन्य साथियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में विवेचना जारी है।

कोरबा पुलिस की इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है और चोरी के वाहनों की बरामदगी से पीड़ित वाहन मालिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page