
सक्ती छत्तीसगढ़ // सक्ती जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सक्ती पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में घूम रहे दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही से कुल 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
कार्यालय के बाहर से पार हुई थी मोटरसाइकिल
घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि केरीबंधा निवासी बाबुलाल बरेठ (38 वर्ष) ने 6 सितंबर 2026 को थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाबुलाल 2 सितंबर की दोपहर अपनी हीरो स्प्लेण्डर प्रो (क्रमांक CG-11-MB-9986) से एसडीएम कार्यालय सक्ती आए थे और उसे गुप्ता होटल के बगल में पार्क किया था। जब वे वापस लौटे, तो गाड़ी वहां से गायब थी। शिकायत पर सक्ती पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
बुधवारी बाजार में घेराबंदी कर पकड़ा
मामले की जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि बुधवारी बाजार, सक्ती में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी की गाड़ियों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने उन्हें खदेड़कर धर दबोचा। कड़ी पूछताछ और आरोपियों के मेमोरंडम कथन के आधार पर चोरी की कुल 07 नग मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। वाहनों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
गिरफ्तार आरोपी:
(01) देवराज सिदार (38 वर्ष), पिता: बृजलाल सिदार, मूल निवासी: छितापड़रिया (थाना बाराद्वार, सक्ती), हाल मुकाम: विनोबा नगर बोइरदादर (थाना चक्रधर नगर, रायगढ़)।
(02)रवि कुमार यादव (28 वर्ष), पिता: पुनाराम यादव, मूल निवासी: लोहर्सी (थाना शिवरीनारायण, जांजगीर-चांपा), हाल मुकाम: विजयपुर (थाना चक्रधर नगर, रायगढ़)।
अन्य चोरी के प्रकरणों से कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रापुसे) और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को 2 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
बरामद वाहनों का अन्य थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंध तलाशा जा रहा है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित खरीदारों और सहयोगियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस की आम जनता से अपील
सक्ती पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को हमेशा सुरक्षित स्थानों पर पार्क करें और डबल लॉक व एंटी-थेफ्ट सुरक्षा उपायों का उपयोग करें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना कागजात के कम कीमत में वाहन बेचने का प्रयास करे, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।



