LETEST
Blog

कोरबा में खनिज विभाग का बड़ा एक्शन: 5 चैन माउंटेन समेत 16 वाहन जब्त, माफियाओं में हड़कंप

कोरबा छत्तीसगढ़ // जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत दूसरे दिन भी सख्त और ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इस दौरान 5 चैन माउंटेन सहित कुल 16 वाहनों को जप्त किया गया, जिससे खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं जांच की गई। कार्रवाई के दौरान खनिज रेत, गिट्टी एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर एवं 1 टीपर को जप्त किया गया।

बरमपुर से अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया, जबकि सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा को जप्त कर चौकी अभिरक्षा में रखा गया। राताखार में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक टीपर पर भी कार्रवाई की गई।
जरहा जेल बरमपुर क्षेत्र में बिना किसी वैधानिक अनुमति के मिट्टी उत्खनन कर परिवहन किए जाने पर मौके पर मौजूद चार चैन माउंटेन को जप्त कर सील किया गया। गेवरा बस्ती से मुरुम का अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टरों को जप्त कर कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया।
नरईबोध में ईंट भट्ठे से ईंट का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को भी जप्त किया गया। वहीं उरगा क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर एक चैन माउंटेन एवं तीन हाइवा को जप्त कर सील किया गया।
जप्त सभी वाहनों को नियमानुसार संबंधित पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना एवं राजस्व की क्षति को रोकना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page