
कोरबा छत्तीसगढ़ // कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है। बाइक चोरी के एक आरोपी को सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों ने बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
*क्या है पूरा मामला*
मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा की जिम्मेदारी कामथेन कंपनी के पास है। शुक्रवार रात ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल की बाइक अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। रात करीब 11:45 बजे वाहन ड्राइवर उत्तम ने दो युवकों को बाइक ले जाते देखा।
सूचना पर सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर कोसाबाड़ी चौक के पास पंप हाउस निवासी विशाल सागर नामक युवक को पकड़ लिया। नियमानुसार आरोपी को 100 मीटर दूर स्थित सिविल लाइन थाने को सौंपा जाना था। लेकिन कर्मचारी उसे वापस अस्पताल परिसर ले गए।
*खंभे से बांधकर पिटाई*
आरोप है कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने युवक को उसकी ही शर्ट से बिजली खंभे से बांध दिया और जमकर पिटाई की। वीडियो में आरोपी लगातार माफी मांगता दिख रहा है, लेकिन किसी ने नहीं सुनी।
*पुलिस पहुंची, आरोपी थाने में*
कंट्रोल रूम की सूचना पर पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई। अगले दिन सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विशाल सागर के खिलाफ कार्रवाई की है।
*कई चोरियां कबूलीं – पुलिस*
ASP लखन पटले ने कहा कि आरोपी विशाल सागर ने पूछताछ में कई चोरियां कबूल की हैं। हालांकि बाइक मालिक ने शिकायत दर्ज कराने में देरी की। उन्होंने कहा कि _’यदि आरोपी के साथ मारपीट की पुष्टि होती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।’_
*एजेंसी को नोटिस*
मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. केके सहारे ने कहा कि _’सुरक्षा एजेंसी को नियमानुसार काम करना चाहिए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एजेंसी को नोटिस जारी किया जाएगा।’


