LETEST
Blog

सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान की बड़ी सफलता: 150 गुम मोबाइल लौटाकर कोरबा पुलिस ने जीता लोगों का भरोसा…

कोरबा छत्तीसगढ़ // कोरबा पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 150 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना कोरबा ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
साइबर पुलिस थाना और जिले के विभिन्न थाना-चौकी स्टाफ के संयुक्त प्रयास से CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से विभिन्न जिलों और राज्यों में पहुंचे गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। बरामद मोबाइलों में Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus जैसी कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए 150 मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 26 लाख 62 हजार 410 रुपये है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने कोरबा पुलिस की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की मेहनत और तकनीकी कार्यवाही ने उनका विश्वास मजबूत किया है।
इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी तथा साइबर थाना प्रभारी ललित चंद्रा के मार्गदर्शन में किया गया। मोबाइल बरामदगी अभियान में उप निरीक्षक अजय सोनवानी और साइबर टीम की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि पिछले पांच महीनों में 300 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रैक कर उनके मालिकों को वापस दिलाए जा चुके हैं। इससे पहले भी कोरबा पुलिस द्वारा इस तरह के विशेष अभियान चलाकर नागरिकों को राहत पहुंचाई गई है।
मोबाइल गुम होने पर क्या करें?
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाना एवं साइबर सेल को सूचना दें, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रैक कर बरामद किया जा सके।
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत करें संपर्क
हेल्पलाइन नंबर: 1930
वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in⁠�
नजदीकी थाना या साइबर पुलिस थाना
कोरबा पुलिस का कहना है कि “साइबर सुरक्षा की जानकारी ही आपका सबसे बड़ा बचाव है।” यह अभियान आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page