
कोरबा: संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान, गोपाल मोदी ने बताई रूपरेखा
कोरबा छत्तीसगढ़ // भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिलेभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जिले के प्रत्येक मंडल और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा ने समाज को जोड़ने का एक पवित्र संकल्प लिया है। अभियान के तहत जिलेभर में पवित्र कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से संत रविदास के विचारों और उनके जीवन दर्शन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक लगातार चलेगा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों तक पहुंचकर संत रविदास के संदेशों से लोगों को जोड़ने और समानता, संवेदनशीलता तथा समावेशिता का संकल्प दिलाने का कार्य करेंगे।
गोपाल मोदी ने जानकारी दी कि भाजपा द्वारा आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल कलश का पूजन राजधानी रायपुर के श्रीराम मंदिर में साधु-संतों की उपस्थिति में किया जाएगा। इसके बाद 4 अगस्त को पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के साधु-संत एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे।
इसके पश्चात प्रदेश के 479 मंडलों में कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा। कोरबा जिले में भी वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी युक्त कलश का स्वागत कर पूरे जिले में भ्रमण कराया जाएगा, ताकि संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।



