
सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, कुसमुंडा और कटघोरा में ताबड़तोड़ कार्रवाई, बार-बार की सख्ती के बावजूद नहीं थम रहा अवैध उत्खनन और परिवहन

कोरबा छत्तीसगढ़ // कोरबा जिले में खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद रेत माफियाओं के हौसले पस्त होते नजर नहीं आ रहे हैं। अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल बदस्तूर जारी है। सोमवार को खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में लगे 9 वाहनों को जब्त किया। इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गठित टीमों ने सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, कुसमुंडा और कटघोरा में दबिश देकर अवैध परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान सीतामढ़ी से रेत परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर, बरमपुर से 1 टीपर, राताखार से गिट्टी परिवहन कर रहे 2 हाइवा और रेत से भरा 1 टीपर, कुसमुंडा से ईंट परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर तथा कटघोरा से रेत परिवहन कर रहे 1 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है।
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि लगातार हो रही कार्रवाई के बावजूद आखिर रेत माफिया बेखौफ होकर अवैध उत्खनन और परिवहन कैसे कर रहे हैं? आए दिन वाहन जब्त हो रहे हैं, लेकिन अवैध खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इससे साफ है कि माफिया कानून के डर से बेपरवाह होकर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करने में जुटे हुए हैं।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।



