LETEST
Blog

कोरबा पुलिस की आधी रात बड़ी कार्रवाई: ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ के तहत दो नामचीन बारों पर छापा, नियमों की उड़ीं धज्जियां, मैनेजर गिरफ्तार…


**पाम मॉल स्थित ONC (One Night Club) और सेंट्रल प्वाइंट बार में चल रहा था देर रात तक शराब का खेल।**
**नियमों की अनदेखी और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने दी दबिश।**
**एडिशनल एसपी लखन पटले के नेतृत्व में टीम ने मारा छापा, दोनों बार के मैनेजरों पर वैधानिक कार्रवाई।**
**हाल ही में ONC बार से निकले रमन सिंह नामक युवक ने मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ा दी थी स्कॉर्पियो।**

कोरबा छत्तीसगढ़ // जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे **”सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”** अभियान के तहत आबकारी नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले प्रतिष्ठानों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस की एक विशेष टीम ने देर रात शहर के दो नामचीन बारों में औचक दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखकर देर रात तक महफिल जमाने वाले रसूखदारों और बार संचालकों में हड़कंप मच गया है।

नियमों को ताक पर रखकर परोसी जा रही थी शराब

पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि पाम मॉल स्थित **ओएनसी (One Night Club)** और सेंट्रल प्वाइंट स्थित बार में आबकारी विभाग द्वारा निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन किया जा रहा है। इन बारों में तय वक्त के बाद भी न सिर्फ शराब परोसी जा रही थी, बल्कि देर रात तक लाउड म्यूजिक के साथ पार्टियां आयोजित की जा रही थीं।

स्कॉर्पियो कांड के बाद रडार पर था ONC बार

गौरतलब है कि हाल ही में पाम मॉल स्थित इसी ONC बार से अत्यधिक शराब पीकर निकले रमन सिंह नामक एक युवक ने अपनी स्कॉर्पियो कार को बेहद खतरनाक तरीके से मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का प्रयास किया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोरबा पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए एफआईआर दर्ज कर आरोपी रमन सिंह को जेल भेजा था। इस घटना के बाद से ही यह बार पुलिस के रडार पर था।

एडिशनल एसपी के नेतृत्व में आधी रात पड़ा छापा

शिकायतों की पुष्टि होने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) लखन पटले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात दोनों बारों में अचानक छापा मारा। जब पुलिस टीम भीतर दाखिल हुई, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी ग्राहकों को धड़ल्ले से शराब परोसी जा रही थी।
पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए दोनों बार के मैनेजरों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने लाकर उनके विरुद्ध संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: कोरबा पुलिस

इस बड़ी कार्रवाई के बाद कोरबा पुलिस ने कड़ा संदेश जारी किया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि:
> “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। नियमों का उल्लंघन करने वाले चाहे कितने भी रसूखदार क्यों न हों, उनके खिलाफ भविष्य में भी ऐसी ही कठोर और प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page