
रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर वारदात को दिया था अंजाम, करीब 15 हजार रुपये का मोबाइल बरामद
कोरबा छत्तीसगढ़ // सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में युवती से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन लूटने के मामले में कोरबा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रेलवे क्रॉसिंग के पास अंधेरे का फायदा उठाकर युवती के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक घटना 30 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे की है। प्रार्थिया अपने काम से पैदल घर लौट रही थी। बुधवार रेलवे क्रॉसिंग के पास पर्याप्त रोशनी नहीं होने के दौरान एक अज्ञात युवक रेलवे लाइन की ओर से आया और युवती को हाथ-झापड़ से मारपीट करते हुए रेलवे पटरी की ओर ले गया। इसके बाद आरोपी उसका रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई, छीनकर फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 274/2026 के तहत धारा 304(2), 115(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध की पहचान की दिशा में लगातार प्रयास किया।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस के अनुसार संदिग्ध की पहचान रामा सोरी, पिता बंशी सोरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी जैन मंदिर के पीछे बुधवार बाजार क्षेत्र के रूप में हुई। आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बचने का प्रयास कर रहा था।
9 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बुधवारी रेलवे किनारे बस्ती चौकी क्षेत्र से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल लूटना स्वीकार किया।
15 हजार का मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन, मॉडल RMX 3944, बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये है। बरामदगी के बाद मोबाइल को जब्ती पत्रक के माध्यम से पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
जांच में लूट के दौरान युवती को चोट पहुंचाने की बात सामने आने पर मामले में धारा 309(6) बीएनएस भी जोड़ी गई। आरोपी को 9 अगस्त को दोपहर 1:10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और विवेचना कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर उप पुलिस अधीक्षक आस्था शर्मा, चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रमोद पटेल, प्रधान आरक्षक गोविन्द सिंह तथा आरक्षक रितेश शर्मा की भूमिका रही।



