LETEST
Blog

चोरी का माल बेचने निकला शातिर, सक्ती पुलिस ने बाजार में दबोचा…

पुलिस को देखते ही भागने लगा आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा; चोरी के 2 मोबाइल और पैशन प्रो बाइक बरामद.

सक्ती छत्तीसगढ़ // चोरी की वारदात के बाद चोरी का सामान खपाने निकले आरोपी पर सक्ती पुलिस ने शिकंजा कस दिया। बुधवारी बाजार में चोरी के मोबाइल और मोटरसाइकिल के लिए ग्राहक तलाश रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का OPPO A53 मोबाइल, एक अन्य OPPO मोबाइल और पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 4860 बरामद की है।

मामला थाना सक्ती क्षेत्र का है। ग्राम गीधा निवासी गिरधर दास महंत ने 13 सितंबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 सितंबर की शाम सोंठी रेलवे फाटक के पास चाय-नाश्ता करने के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके बैग से OPPO A53 मोबाइल और ₹6 हजार नगद, कुल करीब ₹10 हजार का सामान चोरी कर लिया।

रिपोर्ट पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

बुधवारी बाजार में पुलिस ने बिछाया जाल

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली कि बुधवारी बाजार में एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखते ही संदिग्ध ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ और नियमानुसार कार्रवाई में आरोपी की पहचान सुशील देवांगन (43 वर्ष), निवासी रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना और चोरी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक तलाशना स्वीकार किया।

आरोपी के कब्जे से OPPO A53 मोबाइल, एक अन्य OPPO मोबाइल और पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस ने बरामद सामान के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

अन्य चोरियों से भी जुड़ सकते हैं तार

पुलिस ने आरोपी सुशील देवांगन को 14 सितंबर को दोपहर 12:50 बजे गिरफ्तार किया। अब पुलिस बरामद मोबाइल और मोटरसाइकिल से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है। ऐसे में पूछताछ के बाद चोरी की अन्य वारदातों से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस टीम द्वारा की गई।

सक्ती पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स, नगदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page