
बिक्री के लिए गोदाम में छिपाकर रखे गए थे अलग-अलग कंपनियों के पटाखे, आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कोरबा छत्तीसगढ़ / दिलीप कुमार वैष्णव
कोरबा में अवैध गतिविधियों के खिलाफ थाना कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती स्थित एक गोदाम में दबिश देकर करीब ₹2 लाख कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में की गई। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंधी मोहल्ला पुरानी बस्ती में बिक्री के उद्देश्य से बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया गया है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। आरोपी के मकान के पास बने गोदाम की तलाशी लेने पर अलग-अलग कंपनियों के विभिन्न प्रकार के पटाखे बड़ी मात्रा में रखे मिले।
पुलिस ने मौके से 18 नग कार्टून पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम में कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने बलराम जज्ञासी पिता रमेश कुमार, उम्र 42 वर्ष, निवासी सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के विरुद्ध धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप
त्योहारी सीजन के बीच अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री पर कोतवाली पुलिस की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
थाना कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई में करीब ₹2 लाख कीमत के 18 कार्टून अवैध रूप से भंडारित पटाखे जब्त किए गए हैं।



