LETEST
Blog

Heat Wave में बड़ा फैसला, बिलासपुर में दोपहर 12 से 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद, जानें क्या है खास…

Traffic Signal Shutdown: शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे, ताकि लोगों को तपती धूप में अनावश्यक रूप से रुकना न पड़े।

CG News: भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच आम नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा अहम फैसला लिया है। 17 अप्रैल (शुक्रवार) से बिलासपुर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल अस्थायी रूप से बंद रखे जाएंगे, ताकि लोगों को तपती धूप में अनावश्यक रूप से रुकना न पड़े।

बिलासपुर में लगातार बढ़ते तापमान और झुलसाती गर्मी को देखते हुए यातायात पुलिस ने यह विशेष व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। दोपहर के समय, जब गर्मी अपने चरम पर होती है, उस दौरान सिग्नल बंद रखने से राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और अस्वस्थ व्यक्तियों को लू और तेज धूप से बचाना है।

यह व्यवस्था पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में लागू की जा रही है। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सिग्नल बंद रहने का अर्थ किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों में छूट नहीं है।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस दौरान भी पूरी जिम्मेदारी के साथ यातायात नियमों का पालन करें। चौक-चौराहों पर वाहन चलाते समय संयम, सतर्कता और आपसी समझ बेहद जरूरी होगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था से बचा जा सके।

संवेदनशीलता दिखाएं, जरूरतमंदों को दें प्राथमिकता

सड़क पार करते समय महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे न सिर्फ नियमों का पालन करें, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जरूरतमंदों की सहायता भी करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page