
नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इंडो इंटरनेशनल इंटेलेक्चुअल कॉन्क्लेव-2026 में व्यवसाय प्रबंधन एवं समाज कार्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला सम्मान
कोरबा/नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इंडो इंटरनेशनल इंटेलेक्चुअल कॉन्क्लेव-2026 के दौरान व्यवसाय प्रबंधन एवं समाज कार्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.)” की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इस सम्मान को उनके नेतृत्व, संगठन क्षमता, सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।
बताया गया कि गोपाल मोदी लंबे समय से सामाजिक सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। भाजपा संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा विभिन्न सेवा कार्यों के सफल संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। इन्हीं योगदानों को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मान की घोषणा के बाद कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सभी ने गोपाल मोदी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय बताया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद गोपाल मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उनके परिवार, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता, पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और कोरबा की जनता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें समाज और राष्ट्रहित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा देगी।



