
दोनों तरफ ट्रकों का कब्जा, सड़क पर रेंगते वाहन! सुबह से जाम ने खोली यातायात व्यवस्था की पोल, आखिर जिम्मेदार अधिकारी कहां हैं?
कोरबा। मुड़ापार बाईपास रोड पर सोमवार सुबह से यातायात व्यवस्था का बुरा हाल देखने को मिला। सड़क के दोनों तरफ ट्रकों की लंबी कतार लगने से पूरा मार्ग जाम की चपेट में आ गया। हालात ऐसे बन गए कि स्कूली बसें तक जाम में फंस गईं। स्कूल जाने वाले मासूम बच्चे, दोपहिया वाहन चालक और आम राहगीर घंटों परेशान होते रहे।
सुबह के व्यस्त समय में जब बच्चों को स्कूल पहुंचना होता है और आम नागरिक अपने काम पर निकलते हैं, तब मुड़ापार बाईपास पर ट्रकों की लंबी कतार ने यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सवाल यह है कि आखिर भारी वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
क्या ट्रैफिक पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है?
मुड़ापार बाईपास की यह स्थिति यातायात प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यदि समय रहते भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित नहीं की गई और सड़क पर लगने वाली ट्रकों की कतार पर रोक नहीं लगी, तो कभी भी गंभीर दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय नागरिकों की मांग है कि, भारी वाहनों के लिए समयबद्ध व्यवस्था लागू करे और सुबह स्कूल आने-जाने के समय विशेष यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करे।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस बदहाल व्यवस्था को सुधारने के लिए तत्काल कार्रवाई करते हैं या फिर आम जनता, स्कूली बच्चे और राहगीर इसी तरह जाम की सजा भुगतते रहेंगे।



