LETEST
Blog

कोरबा में बेशकीमती इमारती लकड़ी का बड़ा खेल उजागर: ₹9 लाख की लकड़ी और क्रेन जब्त, आरोपी गिरफ्तार, पूरे नेटवर्क की जांच शुरू…

7 पेड़ों की शिकायत से खुला अवैध परिवहन का मामला, पुलिस–वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी बरामदगी; अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच के दायरे में…

कोरबा छत्तीसगढ़ // इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन और अमानत में खयानत के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20.169 घन मीटर बेशकीमती इमारती लकड़ी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये है, बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान लकड़ी के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल की गई एक क्रेन भी जब्त की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी ने थाना सिविल लाइन रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के समीप राजस्व क्षेत्र में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से वृक्षों की कटाई का कार्य चल रहा था। निरीक्षण के दौरान सात वृक्षों से प्राप्त इमारती लकड़ी के अनधिकृत रूप से परिवहन किए जाने का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, दस्तावेजों और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिसमें लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर क्षेत्र तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

प्रदेश स्तरीय संयुक्त जांच दल की कार्रवाई में करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त क्रेन बरामद की गई। पुलिस ने मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 673/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, जांच अभी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद लकड़ी का वास्तविक स्रोत क्या है, अवैध परिवहन में किन-किन लोगों की भूमिका रही तथा क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि शासकीय या वन संपदा की अवैध कटाई, परिवहन अथवा भंडारण की कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या निकटतम थाने को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page