
भाजपा महिला मोर्चा का ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ भव्यता के साथ संपन्न; मां सर्वमंगला की पावन धरा से भेजा गया तिलक और स्नेह
कोरबा। मातृभूमि की रक्षा में दिन-रात सरहद पर डटे वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने राष्ट्रभक्ति का एक नया अध्याय रचा है। दशहरा मैदान (फेस–01, आर.पी. नगर) में आयोजित ‘ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र–04’ कार्यक्रम के तहत जिले भर की बहनों ने रिकॉर्ड 30 हजार से अधिक राखियाँ एकत्रित कर पूर्व सैनिक संगठन को सौंपीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार के नेतृत्व में आयोजित यह कार्यक्रम पूरी तरह से देशभक्ति, त्याग और सम्मान के भाव से सराबोर रहा।
माँ सर्वमंगला का पावन आशीर्वाद: संगृहीत 30 हजार से अधिक राखियों को पूर्व सैनिक महेंद्र प्रताप सिंह राणा को पूरे सम्मान के साथ सौंपा गया। साथ ही उन्हें मां सर्वमंगला जी की पावन धरती का तिलक लगाकर सैनिकों की लंबी उम्र और विजय की कामना की गई।
गणमान्य जनों की गरिमामय उपस्थिति: कार्यक्रम में सह संभाग प्रभारी (रायपुर) डॉ. राजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला संयोजिका (सांस्कृतिक प्रकोष्ठ) अंजना सिंह सहित महिला मोर्चा की सैकड़ों पदाधिकारी व कार्यकर्ता बहने उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।
“30 हजार राखियाँ केवल संख्या नहीं, अटूट स्नेह का प्रतीक हैं”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा:
“देश की सीमाओं पर हमारी सुरक्षा के लिए बर्फ, धूप और बारिश की परवाह किए बिना डटे सैनिकों के प्रति सम्मान जताना हर नागरिक का परम कर्तव्य है। कोरबा की बहनों द्वारा भेजी गई यह 30 हजार राखियाँ महज एक आंकड़ा नहीं हैं, बल्कि यह सरहद पर तैनात भारत माँ के वीर सपूतों के प्रति हमारी बहनों के असीम प्रेम, विश्वास और राष्ट्रभक्ति का भावपूर्ण संदेश हैं।”
इस भव्य आयोजन ने संपूर्ण कोरबा जिले में देशभक्ति की एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।



