
कोरबा। रामनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ईश्वर बंजारे ने मोहल्ले में विवाद के दौरान युवक प्रदीप दास पर कटरनुमा हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बीच-बचाव करने आए लोगों से भी मारपीट की गई।
घटना के बाद पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और 6 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
आरोपी का निकाला गया जुलूस
कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को कड़ा संदेश देने के लिए पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन पर ASP लखन पटले और CSP प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



