
उरगा थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर जब्त; BNS की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई जारी
कोरबा। कोरबा जिले में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद में युवक की बोलेरो कैंपर से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच उरगा थाना पुलिस द्वारा जारी है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे दीपका क्षेत्र के 10–12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने के लिए उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्ज्वल कुमार सिंह के बीच विवाद हो गया।
चेक-आउट के बाद सभी युवक रिजॉर्ट के बाहर सड़क पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच दोबारा कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा ने गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर वाहन उज्ज्वल कुमार सिंह के ऊपर चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को उसके साथी तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आरोपी वाहन सहित फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उरगा थाना पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी तुषार ढांडा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



