
बुधवारी बाजार में मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती चालक; पुलिस संदिग्धों से पूछताछ में जुटी

कोरबा। शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार स्थित आर. शिशु मंदिर स्कूल के पास देर रात एक ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। मामूली कहासुनी के बाद हुई इस खूनी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऑटो चालक ने उन्हें रास्ता खाली करने और साइड होने के लिए कहा। इतनी सी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और युवकों ने ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि रात के समय असामाजिक तत्व खुलेआम सड़कों पर जमावड़ा लगाते हैं, शराबखोरी करते हैं और आए दिन मारपीट व चाकूबाजी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। लोगों ने बुधवारी बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने तथा रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है।
सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घायल का बयान दर्ज होने के बाद हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।
यह सनसनीखेज वारदात एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो ऐसी घटनाएं भविष्य में और भी गंभीर रूप ले सकती हैं।



