LETEST
Blog

खेत में मौत बनकर गिरी आकाशीय बिजली, रोपा करते समय 3 किसानों की दर्दनाक मौत!…

कोरबा // लगातार हो रही बारिश के बीच कटघोरा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार को कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा छुरी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे तीन किसानों की मौत हो गई। घटना छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में हुई। 

जानकारी के अनुसार शनिवार को गांव के 25 से 30 लोग एक साथ खेत में रोपा का काम कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने लगी। इसी दौरान खेत की मेढ़ पर सीधे गाज गिरी। इसकी चपेट में आए तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। 

घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। अन्य किसानों ने तुरंत तीनों को आनन-फानन में सीएचसी कटघोरा पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। 

मृतकों की पहचान बहुरंन पाटले, लक्ष्मी चंद पटेल और श्याम साहू के रूप में हुई है। तीनों छुरी गांव के निवासी थे और आपस में रिश्तेदार भी थे। मृतक के एक बेटे ने बताया कि “खेत पर काफी लोग काम कर रहे थे। अचानक बारिश के साथ बिजली चमकने लगी। उसी समय मेरे पिता, चाचा और रिश्ते में दादा लगने वाले की मौत हो गई।” 

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है। 

कटघोरा बीएमओ डॉ. रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि “घटना के बाद तीनों को अस्पताल लाया गया था, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि तीनों की मौत पहले ही हो चुकी थी। आगे की कार्रवाई की जा रही है।” 

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। तीन घरों के चिराग एक साथ बुझ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। 

प्रशासन ने परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली मुआवजा राशि दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि खराब मौसम में खेतों में न जाएं और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page