LETEST
Blog

आकाशीय बिजली का कहर: बतौली के गोविंदपुर में 17 पशुओं की मौत…

सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम गोविन्दपुर में सोमवार दोपहर प्राकृतिक आपदा ने ग्रामीणों को गहरा आघात पहुंचाया। दोपहर करीब तीन बजे तेज आंधी, बारिश और गरज चमक के बीच पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। जिसकी चपेट में आकर 17 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मौसम अचानक खराब होने के दौरान ग्रामीणों ने अपने पशुओं को चरने के लिए गांव के पास पहाड़ी इलाके में छोड़ा था। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और कई पशु उसकी चपेट में आ गए। घटना इतनी अचानक हुई कि पशुपालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

इस हादसे में गोविंदपुर निवासी मनीराम यादव के दो बैल, मदन तिर्की की 7 बकरियाँ और आनंद बड़ा की आठ बकरियाँ शामिल हैं। एक ही पल में पशुओं की मौत से संबंधित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ही उनकी आय का मुख्य साधन है, ऐसे में इस घटना ने उनकी रोजी रोटी पर संकट खड़ा कर दिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय क्षेत्र में कुछ देर तक तेज हवा और बारिश का दौर चला, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और प्रभावित परिवार प्रशासन से तत्काल मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन की ओर से सहायता नहीं मिली, तो प्रभावित पशुपालकों के सामने आर्थिक संकट और गहरा सकता है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page