LETEST
Blog

एक तीर से दो शिकार: सेंदुरस-मुक्ता के 2 डबल मर्डर सुलझे, सक्ती पुलिस ने 3 आरोपियों को भेजा जेल…

2-3 जून की रात सोते पति-पत्नी की हत्या कर लूटे थे आभूषण | मृतक के मोबाइल से मिला क्लू | जैजैपुर के ज्वेलर बाबूलाल साहू से 9 ग्राम सोना बरामद | SP प्रफुल्ल ठाकुर की अगुवाई में टीम ने सुलझाया केस.

पुलिस गिरफ्त में हत्या के आरोपी

सक्ती छत्तीसगढ़ // मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में 2-3 जून की दरम्यानी रात हुए पति-पत्नी के दोहरे हत्याकांड को सक्ती पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर में शामिल दो आरोपियों समेत लूट का सोना खरीदने वाले ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए दोहरे हत्याकांड को भी इन्हीं आरोपियों ने अंजाम दिया था।

*क्या था सेंदुरस हत्याकांड
सेन्दुरस गांव में पुरूषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे अपने घर के परछी में सो रहे थे। अज्ञात आरोपियों ने चेहरे एवं सिर पर भारी वस्तु से प्राणघातक हमला कर दोनों की हत्या कर दी थी। मृतिका के सोने के आभूषण और कमरे का सामान भी गायब था। थाना मालखरौदा में अपराध क्र. 211/2026 धारा 331(8), 103(1) BNS दर्ज किया गया था।

*CEIR पोर्टल और मोबाइल लोकेशन बना अहम कड़ी
SP प्रफुल्ल ठाकुर (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एडिशनल SP पंकज पटेल और SDOP डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा की टीम ने 5 दिन तक गांव में कैम्प कर जांच की। मृतक का मोबाइल गायब था जिसे साइबर सर्विलांस पर रखा गया। CEIR पोर्टल और टावर डंप एनालिसिस से संदेहियों की लोकेशन खरसिया के पलगड़ा के पास मिली।

*ढाबे से पकड़ा गया पहला आरोपी
पुलिस टीम ने पलगड़ा के जायसवाल ढाबा से आरोपी देवकुमार यादव, 33 वर्ष, निवासी पंडरीपानी को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से मृतक पुरूषोत्तम का मोबाइल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ में उसने साथी रूपचरण यादव, 40 वर्ष के साथ मिलकर हत्या करना कबूल किया।

*रंजिश में की हत्या, फिर लूट
आरोपियों ने बताया कि कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल रखने को लेकर मृतक से कहासुनी हुई थी। रंजिश में 2-3 जून की रात स्केल पट्टी से दरवाजा खोलकर घर में घुसे। सो रहे दंपती के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए। मृतिका के गले-नाक के आभूषण लूटकर, कमरे से नकद और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

*ज्वेलर ने 84 हजार में खरीदा लूट का सोना
रूपचरण यादव ने लूटे आभूषण जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू, 50 वर्ष को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने बाबूलाल के घर से आभूषण बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

*मुक्ता हत्याकांड भी कबूला
पूछताछ में आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता ग्राम में हुए मगनलाल गबेल व बुधवारा बाई गबेल के दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम देना स्वीकार किया। रूपचरण का ससुराल मुक्ता में है और मृतिका से विवाद के चलते लकड़ी से वार कर दोनों की हत्या कर आभूषण लूटे थे। अप.क्र. 247/2024 दर्ज था।

*क्या-क्या बरामद
आरोपियों के कब्जे से 9 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 5 ग्राम गला हुआ सोना कुल मूल्य 85,000 रुपये, नकद 77,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त रॉड और मोटरसाइकिल बरामद की गई। रूपचरण के घर से खून लगे कपड़े भी मिले।

*IG ने किया टीम को पुरस्कृत
IG बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने दोनों ब्लाइंड मर्डर सुलझाने वाली टीम के लिए नगद इनाम की घोषणा की है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page