LETEST
Blog

SECL बलगी सब स्टेशन में देर रात डकैती: 15–20 नकाबपोश बदमाशों का हमला, सुरक्षा गार्ड को बेरहमी से पीटा, मोबाइल लूटकर फरार…

डंडे, चाकू और लोहे की रॉड से लैस बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, पहले भी हो चुकी है केबल चोरी; पुलिस CCTV फुटेज खंगालने में जुटी।

कोरबा छत्तीसगढ़ // जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एसईसीएल बलगी विद्युत सब स्टेशन में शनिवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलते हुए डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। करीब 15 से 20 हथियारबंद बदमाश सब स्टेशन परिसर में घुस आए और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड पर डंडों, चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद बदमाश गार्ड का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

घायल सुरक्षा गार्ड संजय कुमार ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 11:10 बजे अकेले ड्यूटी पर तैनात थे। तभी अचानक 15 से 20 नकाबपोश युवक परिसर में घुस आए। कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। बदमाशों ने जानलेवा हमला करने के बाद परिसर में वारदात को अंजाम दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए।

घायल संजय कुमार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने किसी तरह अपने सहकर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

संजय कुमार का कहना है कि सब स्टेशन में अक्सर चोरी की कोशिशें होती रहती हैं, लेकिन रात की ड्यूटी में उन्हें अकेले तैनात किया जाता है। इससे उनकी जान हमेशा खतरे में रहती है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए गए थे, लेकिन बाद में उन्हें हटा लिया गया। इसके अलावा सब स्टेशन परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से रात में अंधेरा रहता है, जिसका फायदा बदमाश उठाते हैं।

पहले भी बन चुका है निशाना

बलगी सब स्टेशन पहले भी चोरों के निशाने पर रहा है। कुछ दिन पहले दिनदहाड़े केबल वायर चोरी की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं, इसी क्षेत्र की सुराकछार खदान में भी हाल ही में चोरी की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस की 112 टीम इलाके में नियमित गश्त कर रही थी, लेकिन इसके बावजूद बदमाशों ने एक बार फिर सब स्टेशन को निशाना बना लिया।

पुलिस जांच में जुटी

बांकी मोंगरा थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page