जांजगीर चांपा मर्डर अपडेट: 4 लोगों की हत्या का खुलासा, बेटा ही निकला मुख्य आरोपी, संपत्ति विवाद में पिता पुत्र ने रची थी साजिश…

जांजगीर चांपा // जिले के भवंतरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड को मृतक के बेटे सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम एवं दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीतांबर कश्यप, शांतिबाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। चारों के शव निर्माणाधीन मकान में खाट पर पड़े मिले थे। शवों पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस का कहना है की आरोपी सोना साय कश्यप ने अपने बेटे गोलू के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।
जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से रहा है। बताया जा रहा है कि उसने पहले भी अपने बड़े भाई की हत्या की थी। उस मामले में वह करीब 15 साल तक जेल में रहा। हाल ही में सजा पूरी कर गांव लौटा था। गांव लौटने के बाद फिर से संपत्ति विवाद बढ़ने लगा था।
पुलिस ने बताया कि शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। बावजूद इसके विवाद खत्म नहीं हुआ।
इस हत्याकांड का खुलासा गुरुवार सुबह हुआ। निर्माण कार्य के लिए पहुंचे एक मिस्त्री ने सबसे पहले शव दिखे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंची। पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया हैं।



