CG NEWS: गांजा तस्कर रवि साहू और उसके परिवार की 7.66 करोड़ की अवैध संपत्ति सीज…

गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू ने अवैध कमाई से अपनी पत्नी शशि साहू, पुत्र और मां के नाम पर करोड़ों रुपए की संपत्तियां खरीद रखी थी।
रायपुर छत्तीसगढ़ // राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू तथा उसके परिवार की करीब 7.66 करोड़ रुपए की चल अचल संपत्तियां सीज कर दी हैं। सफेमा और एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई इस कार्रवाई में सक्षम प्राधिकारी मुंबई ने फिजिंग आदेश को कन्फर्म किया है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत यह पहली बड़ी वित्तीय कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गांधीनगर कालीबाड़ी निवासी रवि साहू को 17 किलो 882 ग्राम गांजा तस्करी मामले में विशेष एनडीपीएस कोट पहले ही दस साल कैद और 1 लाख रुपए जुर्माना की सजा सुना चुकी है। इसके बाद पुलिस ने अवैध कमाई से अर्जी संपत्तियों की जांच शुरू की।
जहां जांच में रवि, उसकी पत्नी शशि साहू, पुत्र और मां के नाम पर कृषि भूमि, मकान, प्लाट, भवन और कमर्शियल वाहन समेत कई चल अचल संपत्तियां मिली। पुलिस के अनुसार, रवि के खिलाफ प्रदेश के अलग अलग थानों में 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। और वह लंबे समय से गांजा तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। ऑनलाइन सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद 15 मई को अथॉरिटी 16 संपत्तियों को सीज करने के आदेश को पूरी तरह कन्फर्म कर दिया। अब, इनकी खरीद बिक्री या हस्तांतरण बिना सक्षम प्रतिाधिकारी की अनुमति संभव नहीं होगा।
माह भर रिकार्ड खंगाले, तब खुला नेटवर्क
रवि साहू के खिलाफ सफेमा एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस ने करीब एक महीने तक अलग अलग तहसीलों में जमीन खरीदी बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले। सेंट्रल जोन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बनाई गई, जिसने आयकर विभाग की मदद से आरोपी की आय और खर्च का ब्यौरा जुटाया। जांच में सामने आया कि पिछले छह वर्षों में रवि ने 16 प्रॉपर्टी खरीदी, जिनमें प्लाट, मकान, खाते और दो कारें शामिल हैं। अधिकांश लेनदेन कैश में किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक वैध आय की तुलना में इनका मूल्य कई गुना अधिक मिला। जिसके बाद इन्हें अवैध कमाई से खरीदा गया माना गया। दरअसल, रवि साहू के नाम रायपुर और अभनपुर क्षेत्र में करीब 1.71 करोड़ रुपए की जमीन और प्लांट दर्ज है। पत्नी शशि साहू के नाम मानाबस्ती, खोरपा और रायपुर में करीब 5.74 करोड़ की संपत्तियां व वाहन दर्ज मिले। बेटे ऋषि साहू के नाम इमलीडीह में 20 लाख रुपए का मकान मिला है।
नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी होगी ऐसी कार्रवाई
रायपुर पुलिस नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अवैध संपत्ति अर्जित करने वाले तस्करों की वीती जांच कर उनकी संपत्तियों को चिन्हित किया जा रहा है। आने वाले समय में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।


