SDM की सरकारी गाड़ी ने छिनी दो जिंदगियां, गर्भवती महिला की मौत, अजन्मा बच्चा भी नहीं बचा, पति बच्चे घायल…

बिलासपुर छत्तीसगढ // रक्षाबंधन की खुशियां मनाने निकला एक परिवार सड़क पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया. कोनी थाना क्षेत्र के तुर्कीडीह गांव के पास पेंड्रा SDM के सरकारी वाहन की तेज रफ्तार टक्कर से पांच माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई. हादसे में पति और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद सरकारी गाड़ी और उसका चालक मौके से फरार हो गए. लेकिन ग्रामीणों ने खुद तलाश कर वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया.

त्योहार से लौटते वक्त हुआ हादसा
भारनी के देवरी गाँव निवासी सुमित सूर्यवंशी 10 अगस्त की शाम पत्नी हेमलता,7 वर्षी बेटी मिन्टी और 10 वर्षी बेटे रिसु के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर सुसराल सेमरताल से घर लौट रहा था. तभी तुर्कीडीह गांव के पास पीछे से तेज रफ्तार सरकारी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी.
मौके पर गई जान, अजन्मा बच्चा भी खोया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गर्भवती हेमलता की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में अजन्मा बच्चे की भी जान चली गई. पति और दोनों बच्चे गंभीर चोटों से जूझते रहे. जिन्हें राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया.
ग्रामीणों ने पकड़ा सरकारी वाहन
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. सूत्रों के अनुसार यह वाहन पेंड्रा SDM ऋचा चंद्राकर के नाम पर आवंटित सरकारी कार है. ग्रामीणों ने खुद इसकी तलाश शुरू की और सोमवार को वाहन को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
बहरहाल घायल बेटे रिशू का इलाज सिम्स में जारी है, जबकि बेटी मिंटी को डिस्चार्ज कर दिया गया है. मृतिका के परिजन और गांव के लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था।



