जांजगीर-चांपा में नहर में गिरी कार, 6 लोगो की ऐसे बची जान…

जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ // जिले में एक बड़ा हादसा टल गया, जब नहरिया बाबा कैनाल सिटी के पास एक तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर मुख्य नहर में गिर गई. कार में छह लोग सवार थे, जो चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए. प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद क्रेटा कार पानी के तेज बहाव के कारण नहर में लगभग 500 मीटर तक बहती चली गई. कार को बहता देख आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल बिना समय गंवाए नहर में कूदकर बचाव कार्य शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई और साहस के कारण कार में सवार सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

यदि स्थानीय लोग समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचते, तो यह दुर्घटना एक गंभीर त्रासदी का रूप ले सकती थी. हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा है, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कार को नहर से बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।




